Company:News18 Madhya Pradesh
Final Up to date:
MP Climate Replace Right now: भोपाल सहित प्रदेश भर में दिन-रात का तापमान बढ़ा है. प्रदेश में मौसम फिर बदलने वाला है. ग्वालियर संभाग के कई जिलों में बारिश का दौर देखा जा सकता है. साथ ही हल्का कोहरा छाने की भी संभावना…और पढ़ें

भोपाल में रात के तापमान में भी उछाल देखा जा रहा है.
भोपाल. मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है. देश में इन दिनों दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिसके कारण प्रदेश में दिन व रात के तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है. वहीं, मौसम विभाग ने बुधवार को ग्वालियर संभाग के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है. प्रदेश के कई जिलों से अचानक गायब हुई कड़ाके की ठंड के कारण दिन के समय लोगों को तीखी धूप का सामना करना पड़ रहा है.
मौसम विभाग ने बुधवार को भी ग्वालियर संभाग को छोड़ अन्य सभी संभागों के जिलों के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना व्यक्त की गई है. हालांकि, कुछ दिनों बाद फिर ठंडक दस्तक दे सकती है. मंगलवार के मौसम की बात करें तो प्रदेश में सबसे कम 6.2 डिग्री तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी में दर्ज किया गया. प्रदेश के अधिकांश शहरों के दिन के अधिकतम तापमान में उछाल देखा गया. इसमें रीवा, भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन और शहडोल संभागों के जिले शामिल है.
वहीं रात के न्यूनतम तापमान की बात करें तो भोपाल, इंदौर, उज्जैन और शहडोल संभाग के जिलों को छोड़कर सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिला. इसके अतिरिक्त ग्वालियर, मुरैना, खजुराहो और इंदौर जिला में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा. मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम दृश्यता ग्वालियर में 400 मी से कम देखी गई.
इन जिलों में कोहरे-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जैसे जिलों में मध्यम कोहरा का अलर्ट जारी किया है. इसके अतिरिक्त ग्वालियर संभाग के कुछ जिलों में बारिश की भी संभावना बनी हुई है, जिसमें ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना जैसे जिले शामिल है.
इस शहर की रात सबसे सर्द
प्रदेश के पांच सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले शहरों में नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी शहर की रात सबसे ठंडी रही. यहां पारा 6.2 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा कल्याणपुर (शहडोल) में 7.5 डिग्री, मंडला में 8.5 डिग्री, गिरवर (शाजापुर) में 8.6 डिग्री और राजगढ़ में 9.2 डिग्री दर्ज किया गया.
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
भोपाल | 26.8 डिग्री | 10.4 डिग्री | 137 |
इंदौर | 27.4 डिग्री | 12.7 डिग्री | 168 |
जबलपुर | 27 डिग्री | 11.4 डिग्री | 140 |
ग्वालियर | 27.2 डिग्री | 12.8 डिग्री | 292 |
उज्जैन | 29.5 डिग्री | 11.8 डिग्री | 185 |
Bhopal,Madhya Pradesh
January 22, 2025, 06:17 IST