- Hindi Information
- Nationwide
- Maharashtra MVA CM Face 2024; Uddhav Thackeray Sharad Pawar Supriya Sule | NCP
मुंबई1 दिन पहले
- कॉपी लिंक

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले महा विकास अघाड़ी (MVA) में मुख्यमंत्री फेस को लेकर NCP (शरद गुट) की राय बंट गई है। NCP चीफ शरद पवार ने बुधवार (4 सितंबर) को कहा कि MVA चुनाव के बाद सीटों के आधार पर CM का नाम तय करेगी।
दूसरी तरफ, शरद पवार की बेटी और बारामती से NCP सांसद सुप्रिया सुले ने इसके उलट बयान दिया। सुप्रिया ने सोमवार (2 सितंबर) को कहा था कि हमारी पार्टी CM की रेस से बाहर है। हमें किसी पद में रुचि नहीं है। उद्धव ठाकरे या फिर कांग्रेस का कोई नेता CM बन सकता है।
शरद बोले- चुनाव के बाद CM पद पर फैसला होगा
शरद पवार बुधवार को कोल्हापुर में मीडिया से बात कर रहे थे। इस दौरान उनसे CM फेस को लेकर सवाल पूछा गया। शरद पवार ने जवाब में कहा, ‘अभी मुख्यमंत्री के चेहरे पर जोर देने का कोई मतलब नहीं है। महा विकास अघाड़ी एक साथ बैठकर मुख्यमंत्री पद पर फैसला करेगी। विधानसभा चुनाव के बाद सीटों की संख्या के आधार पर फैसला होगा कि मुख्यमंत्री कौन होगा। अभी महा विकास अघाड़ी को बहुमत मिलना जरूरी है। लोगों के समर्थन के बाद स्थिर सरकार देना जरूरी है।’
पवार ने 1977 का उदाहरण देते हुए कहा-

इमरजेंसी के बाद देश में चुनाव हुए थे। इस चुनाव में जयप्रकाश नारायण ने सभी विपक्षियों से एकजुट होने की अपील की थी। जब सब एक साथ आए तो चुनाव में कोई चेहरा नहीं था। चुनाव के बाद मोरारजी देसाई का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए आया। तब तक उनका नाम कहीं नहीं आया था। वह फैसला चुनाव में बहुमत मिलने के बाद हुआ।
सुप्रिया बोलीं- हमारे लिए पद नहीं, सेवा मायने की रखती है
सुप्रिया सुले ने 2 सितंबर को एक मीडिया चैनल को दिए इंरव्यू में कहा था, ‘हमारे लिए सेवा मायने रखती है। हम पद को महत्व नहीं देते हैं। अगर देश की सेवा करनी है तो आप किस पद पर काम करते हैं, ये मायने नहीं रखता है। मैं बस चाहती हूं कि महाराष्ट्र का CM ऐसा हो जो दिल्ली के सामने न कभी झुका है, न कभी झुकेगा। हमारी पार्टी उस रेस में नहीं है।
सुप्रिया से जब पूछा गया कि क्या उद्धव ठाकरे फिर से मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इस पर NCP सांसद ने कहा कि कोई भी बन सकता है। उद्धव ठाकरे या कांग्रेस का कोई नेता भी CM बन सकता है।

नवंबर 2024 को भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) सरकार का कार्यकाल खत्म होगा
- महाराष्ट्र में इस वक्त भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) की सरकार है। इसका कार्यकाल नवंबर 2024 को खत्म हो रहा है। अक्टूबर 2024 में चुनाव हो सकते हैं। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 2019 में चुनाव हुए थे। भाजपा 106 विधायकों के साथ राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी।
- मुख्यमंत्री पद को लेकर शिवसेना और भाजपा गठबंधन में बात नहीं बन पाई। 56 विधायकों वाली शिवसेना ने कांग्रेस के 44 और NCP के 53 विधायकों के साथ महाविकास अघाड़ी गठबंधन बनाकर सरकार बनाई। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने।
- मई 2022 महाराष्ट्र सरकार में नगर विकास मंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने 39 विधायकों के साथ उद्धव के खिलाफ बगावत कर दी। वह भाजपा के साथ मिल गए। 30 जून 2022 को एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। भाजपा ने देवेंद्र फडणवीस को डिप्टी सीएम बनाया।
- इसके साथ ही शिवसेना पार्टी दो गुटों में बंट गई। एक धड़ा शिंदे गुट और दूसरा उद्धव गुट का बना। 17 फरवरी, 2023 को चुनाव आयोग ने आदेश दिया कि पार्टी का नाम ‘शिवसेना’ और पार्टी का चुनाव चिह्न ‘धनुष और तीर’ एकनाथ शिंदे गुट के पास रहेगा।
- इसके बाद अजित पवार ने चाचा शरद पवार के खिलाफ बगावत की। अजित 2 जुलाई 2023 को NCP के 8 विधायकों के साथ शिंदे सरकार में शामिल हो गए थे। उन्होंने अपने साथ NCP के 40 विधायकों के समर्थन का दावा किया था। गठबंधन सरकार में अजित को डिप्टी CM बनाया गया।
लोकसभा चुनाव में भाजपा को सिर्फ 9 सीटें मिली
भाजपा ने 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में 104 सीटें जीतीं थी। भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन में मौजूदा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की वाली NCP शामिल है। लोकसभा चुनाव 2024 में महाराष्ट्र की 48 सीटों में भाजपा सिर्फ 9 सीटें जीत सकी। NCP (अजित गुट) को एक सीट जीती। शिवसेना (शिंदे गुट) को 7 सीटों पर जीत मिली।
दूसरी तरफ, महा विकास अघाड़ी में शामिल कांग्रेस ने 13, उद्धव गुट की शिवसेना ने 9 और शरद पवार की NCP ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की। MVA को 48 में से कुल 30 सीटें जीत मिली। एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी।
यह खबर भी पढ़ें…
महाराष्ट्र भाजपा प्रवक्ता बोले- NCP को NDA छोड़ देना चाहिए, अजित पवार का जवाब- हम PM और शाह से बात करते हैं

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव पहले महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना-शिंदे गुट, NCP) के नेता एक दूसरे के खिलाफ बयान दे रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता गणेश हेक ने कहा था कि NCP को महायुति छोड़ देना चाहिए। इस पर शनिवार सुबह डिप्टी CM अजित पवार ने कहा- मुझे ऐसे कार्यकर्ताओं की बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। पूरी खबर पढ़ें…