- Hindi Information
- Nationwide
- IMD Climate Heatwave Forecast; Odisha West Bengal Jharkhand | UP Bihar Tamil Nadu Heatwave Alert
नई दिल्ली5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

देश के 6 राज्यों में रविवार (21 अप्रैल) को हीटवेव का अलर्ट है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार (20 अप्रैल) को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अगले दो दिनों के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया। झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में अगले पांच दिनों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट है।
ओडिशा में हीटवेव का असर सबसे ज्यादा है। यहां आज दिन का तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। शनिवार को राज्य का बारीपदा देश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां दिन का तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया।
दूसरी तरफ, गर्मी और पानी की कमी से जूझ रहे बेंगलुरु में पांच महीने बाद बारिश हुई। यहां आखिरी बारिश 23 नवंबर को हुई थी। गोवा में भी आंधी, बिजली के साथ बारिश हुई। पांच दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर 26 अप्रैल तक हल्की से तेज बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में 24 अप्रैल तक आंधी-बिजली के साथ बारिश हो सकती है।
केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में छिटपुट वर्षा हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 26 अप्रैल के दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
अगले 2 दिनों का मौसम का अनुमान
22 अप्रैल: पश्चिम बंगाल-ओडिशा में हीटवेव का अलर्ट
- ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, माहाराष्ट्र, असम में बिजली गिरने और धूलभरी आंधी का अनुमान है।
- अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश का अनुमान है।
- पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में हीटवेव चलेगी।
- केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी में तेज गर्मी का पड़ेगी।
23 अप्रैल: मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ में धूलभरी आंधी, बिहार में हीटवेव
- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और तेलंगाना में धूलभरी आंधी चलेगी।
- हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश में बिजली गिरने का अनुमान है।
- अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश होगी। नॉर्थ ईस्ट के अन्य राज्यों में भी बारिश हो सकती है।
- पश्चिम बंगाल और बिहार में हीटवेव चलेगी। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा।
मानसून को लेकर 2 अनुमान
1. मौसम विभाग का अनुमान- मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 20 राज्यों में अच्छी बारिश होगी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को बताया कि इस बार जून से सितंबर तक मानसून सामान्य से बेहतर रहेगा। मौसम विभाग (IMD) 104 से 110 फीसदी के बीच बारिश को सामान्य से बेहतर मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है।
IMD ने बताया कि 2024 में 106% यानी 87 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। 4 महीने के मानसून सीजन के लिए लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) 868.6 मिलीमीटर यानी 86.86 सेंटीमीटर होता है। यानी मानसून सीजन में कुल इतनी बारिश होनी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…
2. स्काईमेट का अनुमान- इस साल सामान्य मानसून:राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 23 राज्यों में अच्छी बारिश होगी

वेदर एजेंसी स्काईमेट ने मंगलवार 9 अप्रैल को बताया कि इस बार मानसून सामान्य रहेगा। यानी जून से सितंबर तक 4 महीने में औसत या सामान्य बारिश होगी। मौसम विभाग (IMD) 96 से 104 फीसदी के बीच बारिश को औसत या सामान्य मानता है। यह फसलों के लिए अच्छा संकेत है। पूरी खबर पढ़ें…