Friday, March 14, 2025
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeStatesDelhiDainik Bhaskar Morning Information Transient; US Citizenship Funding | Rajouri Terrorist Assault...

Dainik Bhaskar Morning Information Transient; US Citizenship Funding | Rajouri Terrorist Assault | मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: महाकुंभ खत्म, रिकॉर्ड 66 करोड़ लोग पहुंचे; केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेजने की अटकलें; ट्रम्प ₹44 करोड़ में US सिटिजनशिप देंगे


3 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर प्रयागराज महाकुंभ के समापन की रही। एक खबर AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजने की अटकलों से जुड़ी रही। हम आपको ये भी बताएंगे कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अमेरिकी नागरिकता की चाहत रखने वाले लोगों के लिए क्या ऑफर दिया है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. दिल्ली विधानसभा सत्र का तीसरा दिन है। CAG रिपोर्ट पर चर्चा हो सकती है।
  2. चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान-बांग्लादेश के बीच रावलपिंडी में मैच होगा। दोनों टीमें टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो चुकी हैं। दोनों का यह आखिरी ग्रुप मुकाबला है।
  3. यूरोपीयन यूनियन की चीफ उर्सुला वॉन डेर लेयेन भारत दौरे पर आएंगीं। PM मोदी के साथ फ्री ट्रेड समझौते पर चर्चा होगी। उर्सुला 3 साल में तीसरी बार भारत आ रही हैं।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. महाकुंभ खत्म, रिकॉर्ड 66 करोड़ लोग पहुंचे; एयरफोर्स के विमानों ने मेला क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरी

13 जनवरी से 26 फरवरी तक चले महाकुंभ में रिकॉर्ड 66.70 करोड़ लोगों ने डुबकी लगाई। यह आंकड़ा अमेरिका की आबादी (34 करोड़) का दोगुना है। योगी सरकार ने दावा किया कि दुनिया में हिंदुओं की आधी आबादी के बराबर लोग यहां पहुंचे। आखिरी दिन 1.53 करोड़ लोगों ने स्नान किया। एयरफोर्स के विमानों ने मेला क्षेत्र के ऊपर एयर शो किया।

महाकुंभ का समापन कार्यक्रम आज: महाकुंभ के समापन कार्यक्रम में CM योगी, दोनों डिप्टी CM ब्रजेश पाठक और केशव मौर्य शामिल होंगे। गंगा पंडाल में पुलिसकर्मियों, सफाई कर्मियों, नाविकों को सम्मानित करेंगे।

पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेजने की अटकलें, AAP ने सांसद संजीव अरोड़ा को विधानसभा उपचुनाव में उतारा कांग्रेस और BJP ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल को पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट से राज्यसभा भेजेगी। AAP ने दावे को खारिज किया है। लुधियाना वेस्ट से फिलहाल संजीव अरोड़ा राज्यसभा सांसद हैं, जिन्हें AAP ने विधानसभा उपचुनाव में कैंडिडेट बनाया है। कांग्रेस का दावा है कि केजरीवाल ने अरोड़ा को मंत्री बनाने का वादा किया है।

केजरीवाल क्यों जा सकते हैं राज्यसभा: अरविंद केजरीवाल AAP का सबसे बड़ा चेहरा हैं। नई दिल्ली सीट से चुनाव हारने के बाद अब वह सिर्फ पार्टी के संयोजक हैं। वो किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। दिल्ली की नई BJP सरकार के सामने उन्हें कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में राज्यसभा सदस्यता उन्हें नेशनल पॉलिटिक्स में सक्रिय भूमिका निभाने और कानूनी सुरक्षा देने में मदद कर सकती है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. बिहार चुनाव से 7 महीने पहले मंत्रिमंडल विस्तार, BJP के 7 MLA मंत्री बने, इनमें 4 मिथिलांचल से

पटना के राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेते BJP विधायक। इन्हें राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शपथ दिलाई।

पटना के राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेते BJP विधायक। इन्हें राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शपथ दिलाई।

बिहार में अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से 7 महीने पहले नीतीश कैबिनेट का विस्तार हुआ। BJP के 7 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें से 4 मिथिलांचल इलाके से हैं। 13 महीने में यह तीसरा विस्तार है। नीतीश सरकार में अब 36 मंत्री हैं। इनमें BJP के 21, जेडीयू के 13, HAM का एक और एक निर्दलीय है।

अब मिथिलांचल से 6 मंत्री: नए मंत्रियों को मिलाकर अब मिथिलांचल से 6 मंत्री हो गए हैं। बिहार में कुल 243 सीटें हैं। NDA के पास 131 सीटें हैं। इनमें से 40 सीटें मिथिलांचल से हैं। इसलिए मिथिलांचल को NDA का गढ़ कहा जाता है। मिथिलांचल के 6 जिलों (सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली) में 60 सीटें आती हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में यहां से NDA को 40 सीटें मिली थीं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. ट्रम्प ₹44 करोड़ में US सिटिजनशिप देंगे, 2 हफ्ते में शुरू होगा गोल्ड कार्ड वीजा प्रोग्राम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ‘गोल्ड कार्ड’ नाम का नया वीजा प्रोग्राम शुरू करने का ऐलान किया, जिसे 44 करोड़ रुपए में खरीदा जा सकता है। ट्रम्प ने गोल्ड कार्ड को अमेरिकी नागरिकता का रास्ता और EB-5 वीजा प्रोग्राम का विकल्प बताया। फिलहाल नागरिकता के लिए EB-5 वीजा प्रोग्राम सबसे आसान रास्ता है, जिसके लिए करीब 8.75 करोड़ रुपए देने होते हैं। नया प्रोग्राम 2 हफ्ते में शुरू होगा।

10 लाख गोल्ड कार्ड बेचे जाएंगे: ट्रम्प ने कहा कि भविष्य में 10 लाख गोल्ड कार्ड बेचे जाएंगे। इसे खरीदकर लोग अमेरिका आएंगे और यहां बहुत ज्यादा टैक्स भरेंगे। उन्होंने दावा किया कि यह प्रोग्राम बहुत सफल होगा और इससे राष्ट्रीय कर्ज का भुगतान जल्द हो सकता है। गोल्ड वीजा कार्ड नागरिकों को ग्रीन कार्ड जैसा स्पेशल राइट देगा।

भारतीय लोगों पर क्या असर होगा: वे भारतीय जो अमेरिकी नागरिकता लेने के लिए EB-5 प्रोग्राम पर निर्भर थे, उनके लिए ‘ट्रम्प वीजा प्रोग्राम’ काफी महंगा पड़ सकता है। EB-5 कार्यक्रम को खत्म करने से लंबे ग्रीन कार्ड बैकलॉग में फंसे स्किल्ड भारतीय प्रोफेशनल्स को भी नुकसान हो सकता है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. चैंपियंस ट्रॉफी- अफगानिस्तान 8 रन से जीता, इंग्लैंड चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर; जादरान ने 177 रन बनाए

इब्राहिम जादरान चैंपियंस ट्रॉफी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बैटर बने हैं।

इब्राहिम जादरान चैंपियंस ट्रॉफी का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बैटर बने हैं।

अफगानिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी के 8वें मैच में इंग्लैंड को 8 रन से हराया। अफगानिस्तान ने इब्राहिम जादरान की सेंचुरी के दम पर 7 विकेट पर 325 रन बनाए। जादरान ने 12 चौके और 6 छक्के लगाए। वे इस टूर्नामेंट में हाईएस्ट इंडिविजुअल स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 326 रन का टारगेट चेज कर रही इंग्लैंड 49.5 ओवर में 317 रन पर ऑलआउट हो गई। इसी के साथ इंग्लैंड इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।

मैच के हाईलाइट्स: इंग्लिश टीम की ओर से जो रूट ने 120 रन की पारी खेली। बेन डकेट और जोस बटलर ने 38-38 रन बनाए। जैमी ओवर्टन 32 रन ही बना सके। अफगानिस्तान की ओर से ओमरजई ने 5 और मोहम्मद नबी ने 2 विकेट लिए। ओमरजई ने आखिरी ओवर में 13 रन डिफेंड किए। पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. यूक्रेन और अमेरिका में मिनरल डील पर सहमति, ट्रम्प ने फंडिंग रोकने की धमकी दी थी यूक्रेन, अमेरिका को रेयर अर्थ मैटेरियल (दुर्लभ खनिज) देने के लिए राजी हो गया है। ट्रम्प ने दावा किया है कि जेलेंस्की डील पर साइन करने के लिए शुक्रवार को अमेरिका आ सकते हैं। ट्रम्प करीब 1 महीने से यूक्रेन पर दुर्लभ खनिज देने को लेकर दबाव बना रहे थे। ऐसा न होने पर अमेरिकी फंडिंग रोकने की धमकी दी थी।

यूक्रेन के री-डेवलपमेंट में मदद करेगा US: यूक्रेन डील के बदले में अमेरिका से सुरक्षा गारंटी मांग रहा था, लेकिन अमेरिका ने इनकार कर दिया। वह यूक्रेन के री-डेवलपमेंट में मदद करेगा। ट्रम्प यूक्रेन के जिन दुर्लभ खनिजों को लेना चाहते हैं, उनका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक कार, हथियार और सैन्य उपकरण बनाने में होता है। यूक्रेन के पास रेयर अर्थ मटेरियल के दुनिया के कुल कच्चे माल का लगभग 5% है। इसमें ग्रेफाइट का करीब 19 मिलियन टन भंडार शामिल है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. अमेरिकी एयरपोर्ट पर 2 विमान टकराने से बचे, एक लैंडिंग कर रहा था, दूसरा रनवे पर आया

एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने बताया कि प्राइवेट जेट के पायलट को कम से कम 9 बार रनवे से दूर रहने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने निर्देशों को नजरअंदाज कर दिया।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने बताया कि प्राइवेट जेट के पायलट को कम से कम 9 बार रनवे से दूर रहने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने निर्देशों को नजरअंदाज कर दिया।

अमेरिका के शिकागो में मिडवे एयरपोर्ट पर एक पायलट की समझदारी से 2 विमानों की टक्कर टल गई। साउथवेस्ट एयरलाइंस का प्लेन एयरपोर्ट पर उतरने की कोशिश कर रहा था तभी रनवे पर प्राइवेट जेट आ गया। साउथवेस्ट एयरलाइंस का प्लेन दूसरे प्लेन से सिर्फ 50 फीट दूर था। ऐसे में उसे अचानक ऊपर जाना पड़ा। बाद में प्लेन को शिकागो एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

जनवरी में प्लेन हादसे में 67 लोग मारे गए थे: राजधानी वॉशिंगटन DC में 29 जनवरी की रात यात्री विमान और मिलिट्री हेलिकॉप्टर में टक्कर हुई थी। क्रैश के बाद दोनों पोटोमैक नदी में गिर गए। प्लेन में 4 क्रू मेंबर समेत 64 लोग सवार थे। वहीं हेलिकॉप्टर में 3 लोग थे। हादसे में सभी 67 लोगों की मौत हो गई। पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By इस्माइल लहरी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: सरकार बोली- दागी नेताओं को ताउम्र बैन करना ठीक नहीं: सुप्रीम कोर्ट में कहा- 6 साल की पाबंदी काफी; इसे तय करना भी संसद का अधिकार (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: राजौरी में सेना की गाड़ी पर आतंकी हमला: सुंदरबनी इलाके में LoC के पास घात लगाकर फायरिंग की; एक्स्ट्रा फोर्स भेजी गई (पढ़ें पूरी खबर)
  3. पॉलिटिक्स: उद्धव की शिवसेना के मुखपत्र में मोदी-फडणवीस की तारीफ: लिखा- CM का फिक्सरों और दलालों का फसल काटने का डिसीजन सही (पढ़ें पूरी खबर)
  4. मध्य प्रदेश: बागेश्वर धाम में 251 जोड़ों का सामूहिक विवाह: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समारोह में शामिल हुईं, बोलीं-संतों ने हमेशा समाज को राह दिखाई (पढ़ें पूरी खबर)
  5. बॉलीवुड: गोविंदा और सुनीता तलाक नहीं ले रहे: एक्टर के वकील बोले– 6 महीने पहले अर्जी दी थी, अब दोनों ने विवाद को सुलझा लिया (पढ़ें पूरी खबर)
  6. क्राइम: पुणे में सरकारी बस में महिला से रेप: पुलिस स्टेशन से 100 मीटर दूरी पर पार्किंग एरिया में वारदात; CCTV से आरोपी की पहचान (पढ़ें पूरी खबर)
  7. स्पोर्ट्स: कोहली ICC वनडे बैटर्स रैंकिंग में 5वें नंबर पर पहुंचे: शुभमन गिल पहले, रोहित शर्मा तीसरे पर कायम; कुलदीप बॉलर्स में नंबर-3 (पढ़ें पूरी खबर)
  8. इंटरनेशनल: सैलरी नहीं मिलने पर ओमान से नाव लेकर भागे भारतीय: GPS की मदद से 3000KM का समुद्री सफर तय किया, इंडियन कोस्ट गार्ड ने पकड़ा (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

रिकॉर्ड 7 लाख कछुए ओडिशा तट पर पहुंचे

हर साल रिसर्चर्स और टूरिस्ट ऑलिव रिडली कछुए देखने के लिए ओडिशा के गंजम जिले पहुंचते हैं।

हर साल रिसर्चर्स और टूरिस्ट ऑलिव रिडली कछुए देखने के लिए ओडिशा के गंजम जिले पहुंचते हैं।

ओडिशा के रुशिकुल्या बीच पर इस साल रिकॉर्ड 6 लाख 82 हजार ऑलिव रिडली कछुए पहुंचे हैं। ये यहां 45 से 55 दिन तक अंडे देंगे। इस घटना को ‘Arribada’ कहते हैं, जिसमें मादा कछुए समुद्र तट पर गड्ढे खोदती हैं और उनमें अंडे देती हैं। ओडिशा का ये तट अब दुनिया के सबसे बड़े टर्टल नेस्टिंग साइट में से एक है।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

मिथुन और कर्क राशि के लोगों को अधिकारियों से मदद मिलेगी। सिंह राशि के लोगों की इनकम बेहतर होगी। जानिए आज का राशिफल…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…



Supply hyperlink

khabareaaptak.in
khabareaaptak.inhttps://khabareaaptak.in
Welcome to "khabareaaptak" – your go-to destination for the latest news and updates from around the world. We are committed to bringing you timely and accurate information across various categories, including politics, sports, entertainment, technology, and more.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments